Edited By Kuldeep, Updated: 08 Oct, 2026 07:22 PM

एसआईआर की प्रक्रिया में सुधार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन ने वीरवार को भी नई दिल्ली में प्रदर्शन किया।
शिमला (राक्टा): एसआईआर की प्रक्रिया में सुधार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन ने वीरवार को भी नई दिल्ली में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम छोड़कर सुबह दिल्ली पहुंचे और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ राजघाट में आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों को अपनी बात रखने तथा शांतिपूर्ण मार्च निकालने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पुलिस बल और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनके खिलाफ हुई यह कार्रवाई तानाशाही की पराकाष्ठा है। सीएम सुक्खू ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में भी कांग्रेस द्वारा धरने-प्रदर्शन का आयोजन कर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किए गए। साथ ही बीते बुधवार को शिमला में राजभवन के बाहर भी मंत्रियों व विधायकों के साथ प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया था।
आज लौटेंगे शिमला
मुख्यमंत्री सुक्खू ने वीरवार को शिमला रिज मैदान पर वन विभाग के वन्यजीव विंग द्वारा आयोजित वन्यजीव सप्ताह-2026 के समापन समारोह में शामिल होना था, लेकिन एकाएक सुबह उनका कार्यक्रम बदल गया और वह दिल्ली रवाना हुए। वहीं सूचना के अनुसार देर शाम मुख्यमंत्री दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचे। इसी कड़ी में वह शुक्रवार को शिमला लौटेंगे।