शिमला में चिट्टा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पंजाब के 2 सप्लायरों समेत 5 गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 17 May, 2026 04:46 PM

major police crackdown on heroin smugglers in shimla

जिला शिमला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान रंग ला रहा है। पिछले चार दिनों के भीतर शिमला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न हिस्सों में दबिश देकर भारी मात्रा में चिट्टा बरामद करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है।

शिमला (संतोष): जिला शिमला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान रंग ला रहा है। पिछले चार दिनों के भीतर शिमला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न हिस्सों में दबिश देकर भारी मात्रा में चिट्टा बरामद करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। इन कार्रवाइयों में पंजाब के 2 अंतर्राज्यीय तस्करों सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें रिमांड पर ले लिया है।

कुमारसैन में ट्रक से 7 ग्राम चिट्टा बरामद, रामपुर और ननखड़ी के 2 युवक काबू
पहला मामला पुलिस थाना कुमारसैन का है। 12 मई को रामपुर सब-डिवीजन की डिटैक्शन टीम एनएच-05 पर बारूबाग के पास गश्त और वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को जांच के लिए रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर ट्रक में सवार 2  युवकों से 7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान मुश्ताक अली निवासी भद्राश, रामपुर और बलबीर निवासी मकडोग, ननखड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर ले लिया है।

ढली चौक पर पंजाब का नशा नैटवर्क ध्वस्त, 8 ग्राम चिट्टे के साथ 2 दबोचे
दूसरी बड़ी कार्रवाई 14 मई को ढली पुलिस और स्पैशल सैल की संयुक्त टीम ने की। स्पैशल सैल की टीम ढली, संजौली और छोटा शिमला क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी ढली चौक पर गुप्त सूचना मिली कि पंजाब के 2 युवक चिट्टे की सप्लाई के लिए आए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गवाहों के साथ जाल बिछाया और पटियाला (पंजाब) के रहने वाले तरविंदर सिंह (22) और मोहित कुमार (29) को 8 ग्राम चिट्टे के साथ दबोच लिया। अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

बालूगंज में बस यात्री से 6 ग्राम चिट्टा बरामद
तीसरी सफलता पुलिस थाना बालूगंज और स्पैशल सैल की टीम को 15 मई को मिली। टीम एनएच-05 पर ख्वारा चौकी के पास रूटीन चैकिंग कर रही थी। एक निजी बस की चेकिंग के दौरान सीट पर बैठे एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब युवक के कैरी बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 6 ग्राम चिट्टा मिला। आरोपी की पहचान संजीव वर्मा (27) निवासी कंडयाली (कुमारसैन) के तौर पर हुई है। बालूगंज पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर ले लिया है।

किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे नशा तस्कर : एसएसपी 
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के काले कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे वह स्थानीय सप्लायर हो या बाहरी राज्यों का तस्कर, पुलिस की पैनी नजर हर गतिविधि पर है। यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। एसएसपी ने बताया कि रिमांड के दौरान सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि चिट्टा कहां से खरीदा गया था और शिमला व इसके आसपास किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से नशे के नैटवर्क से जुड़े कई और बड़े चेहरों का पर्दाफाश हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!