Edited By Kuldeep, Updated: 27 Jul, 2026 05:34 PM

नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए शिमला पुलिस ने अब नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी बड़ा प्रहार किया है।
रोहड़ू (कार्तिक): नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए शिमला पुलिस ने अब नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी बड़ा प्रहार किया है। पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज एफआईआर संख्या 05/2026 में वित्तीय जांच के दौरान नशा तस्करी से अर्जित लगभग 17 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति को फ्रीज (जब्त) करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25, 29, 27ए तथा भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 238 के तहत दर्ज किया गया था। मामले में महेंदली पुल के समीप एक टैक्सी से 83 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने धारा 68एफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वित्तीय अन्वेषण किया। जांच में यह स्थापित हुआ कि इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार शुभम निवासी चिड़गांव ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध आय से एक लग्जरी वाहन खरीदा था। इसके अलावा उसके कब्जे से बरामद नकद राशि भी अवैध आय से अर्जित होना पाई गई। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने लगभग 17 लाख रुपए मूल्य की अवैध संपत्ति, जिसमें एक लग्जरी वाहन एवं नकद राशि शामिल है, को फ्रीज/जब्त करने की कार्रवाई की है।