Edited By Vijay, Updated: 06 Aug, 2026 10:36 PM

हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 5 आईएएस अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है।
शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 5 आईएएस अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग की ओर से इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह फेरबदल प्रदेश के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के कारण खाली हुए पदों का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए किया गया है।
कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी को उद्योग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले उद्योग निदेशक का दायित्व आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया के पास था। विवेक भाटिया, जो मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव और विशेष सचिव का जिम्मा भी संभाल रहे थे, अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली चले गए हैं। केंद्र सरकार ने उन्हें दिल्ली में युवा कार्यक्रम विभाग में निदेशक के पद पर तैनाती दी है।
इसी तरह, एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव में सरकार ने युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह को हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है। एचआरटीसी के एमडी का यह पद आईएएस डॉ. निपुण जिंदल के केंद्र में जाने से खाली हुआ था। डॉ. निपुण जिंदल को भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति मिल गई है और उन्हें केंद्र में आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, राज्य सरकार ने तीन अन्य आईएएस अधिकारियों को भी उनके वर्तमान पद के साथ-साथ नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। हिमऊर्जा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल कांत सरोच को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वहीं, शिक्षा विभाग के विशेष सचिव शुभ कर्ण सिंह को ऊर्जा विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही, हिमाचल प्रदेश मिल्कफैड शिमला के एमडी अभिषेक वर्मा को डिजिटल टैक्नोलॉजी एंड गवर्नैंस, हिमाचल प्रदेश के निदेशक का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें