Shimla News: हैल्मेट के इनर पैडिंग में छिपाया था चिट्टा, पुलिस ने बाइक सवार 2 युवकों को भेजा सलाखों के पीछे

Edited By Vijay, Updated: 04 Aug, 2026 01:24 PM

2 youth arrested with heroin

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की स्पैशल सैल ने जिले के शोघी बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को 9 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।

शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की स्पैशल सैल ने जिले के शोघी बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को 9 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस की चैकिंग से बचने के लिए नशे की यह खेप हैल्मेट के अंदर छिपा कर रखी थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस की टीम शोघी बैरियर पर गश्त कर रही थी और आवाजाही करने वाले सभी संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी बीच स्पैशल सैल को गुप्त सूचना मिली कि बाइक सवार 2 युवक नशे की खेप लेकर इस रास्ते से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पूरी तरह से चौकन्नी हो गई और शोघी बैरियर के पास विशेष नाका लगा दिया गया। कुछ ही देर बाद सामने से आ रही एक बाइक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखकर बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह घबरा गए, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।

शक के आधार पर जब पुलिस टीम ने दोनों युवकों और उनके सामान की गहन तलाशी ली, तो नशे की तस्करी का एक शातिर तरीका सामने आया। मुख्य आरोपी ध्रुव सलोतरा (23) जो शिमला का ही निवासी है, ने अपने हैल्मेट की इनर पैडिंग के बीच में करीब 9 ग्राम चिट्टा छिपाकर रखा था। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए यह तरकीब अपनाई थी। नशे की खेप बरामद होते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नैटवर्क खंगाल रही पुलिस
इस मामले को लेकर पुलिस थाना वैस्ट शिमला में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों को न्यायालय में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस पूरे नैटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाए थे और शिमला में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी और सख्ती से जारी रहेगा तथा नशा माफिया की कमर तोड़ने के लिए लगातार दबिश दी जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!