Edited By Vijay, Updated: 06 May, 2026 06:23 PM

सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और गोलियों की सप्लाई चेन को क्रैक करते हुए बाहरी राज्य उत्तराखंड से एक मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है।
नाहन (आशु): सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और गोलियों की सप्लाई चेन को क्रैक करते हुए बाहरी राज्य उत्तराखंड से एक मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस थाना नाहन में बीते 3 अप्रैल को दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले की गहन तफ्तीश के बाद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर की नाहन एसआईयू टीम ने 3 अप्रैल को एक व्यक्ति को दबोचा था, जिसके कब्जे से 56 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और 49 नशीली गोलियां बरामद की गई थीं। इस मामले में पुलिस ने साबिर अहमद पुत्र स्वर्गीय जमील अहमद निवासी कांशीवाला (सब्जी मंडी नाहन के समीप) को गिरफ्तार कर पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 25, 61 व 85 के तहत केस दर्ज किया था।
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपी साबिर अहमद से कड़ी पूछताछ की और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला। इसी दौरान पुलिस इस अवैध कारोबार की सप्लाई चेन तक पहुंचने में कामयाब रही। जांच में बाहरी राज्य के एक अन्य आरोपी की संलिप्तता सामने आई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि साबिर नशे की यह खेप उत्तराखंड से खरीदकर लाता था।
सुराग मिलने के बाद सिरमौर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी की तलाश में उत्तराखंड में दबिश दी। पुलिस टीम ने मुख्य सप्लायर मोहम्मद मुस्तफा उर्फ शोयब (25) पुत्र हनीफ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मुस्तफा वार्ड नंबर-11, डकरानी कॉलोनी, डकरानी देहात, थाना एवं तहसील विकासनगर, जिला देहरादून (उत्तराखंड) का रहने वाला है।
सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्य से मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। इससे नशा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने में अहम मदद मिलेगी। एसपी ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का यह जीरो टॉलरैंस अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें