'कांग्रेस ने विकास के रास्ते से हटाकर कर्ज और टैक्स के दलदल में धकेला हिमाचल', ‌‌BJP प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने साधा निशाना

Edited By Vijay, Updated: 13 Oct, 2026 01:07 PM

bjp state president rajeev bindal

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पार्टी की कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश की सुक्खू सरकार पर चौतरफा हमला बोला।

नाहन (आशु): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पार्टी की कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश की सुक्खू सरकार पर चौतरफा हमला बोला। डॉ. बिंदल ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, माफिया राज और आर्थिक बदहाली को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल को विकास के रास्ते से हटाकर कर्ज और करों (टैक्स) के दलदल में धकेल दिया है।

टैक्स और तालाबंदी की बन गई है सरकार
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग पर महंगाई की दोहरी मार की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डीजल, सीमैंट, बिजली, बस किराये और स्टाम्प ड्यूटी में बढ़ोतरी कर आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। बिंदल ने राज्य सरकार की नीतियों को टैक्स, तालाबंदी और तुष्टीकरण की राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों, पशु चिकित्सालयों और पटवार सर्कलों को बंद किया गया है या उनके संचालन को प्रभावित किया गया है। इसके अलावा, हिमकेयर और सहारा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए।

कर्ज और राजनीतिक नियुक्तियों पर उठाए सवाल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में अब तक लगभग 45 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया है, लेकिन इस राशि का उपयोग प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के बजाय राजनीतिक नियुक्तियों पर किया जा रहा है। उन्होंने सवाल दागा कि जब कर्मचारियों, पैंशनरों और बेरोजगार युवाओं को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है, तब सरकार सलाहकारों, ओएसडी, चेयरमैन और वाइस चेयरमैन जैसे पदों पर भारी-भरकम खर्च कैसे कर सकती है।

अधूरी चुनावी गारंटियों पर घेरा
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों को खोखला बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लाखों महिलाएं आज भी हर महीने 1,500 रुपए की आर्थिक सहायता का इंतजार कर रही हैं। वायदे के अनुसार अब तक प्रति पात्र महिला का यह लाभ करीब 75 हजार रुपए बनता है, लेकिन बड़ी संख्या में महिलाएं इससे वंचित हैं। इसी तरह, पहली कैबिनेट में 1 लाख सरकारी नौकरियां और 5 लाख रोजगार देने का वादा भी अधूरा है, जिसके चलते बेरोजगार युवा ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

PunjabKesari

कांग्रेस सांसद पर लगे आरोपों पर आलाकमान से मांगा जवाब
राष्ट्रीय मुद्दे का जिक्र करते हुए डॉ. बिंदल ने महिला सुरक्षा के मसले पर कांग्रेस नेतृत्व को घेरा। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय  में मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के विरुद्ध कथित यौन उत्पीड़न की शिकायतों और अनुशासनात्मक कार्रवाई का मुद्दा उठाया। बिंदल ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और संबंधित सांसद के पुतले फूंके हैं। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस आलाकमान स्पष्ट करे कि महिला सम्मान की बात करने वाली पार्टी ने अपने ही सांसद पर लगे गंभीर आरोपों पर क्या कार्रवाई की है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष कानूनी जांच की मांग की।

PunjabKesari

हिमाचल की जनता जागरूक, 2027 में देगी जवाब
अपने संबोधन के अंत में डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सड़कों पर बयानबाजी कर अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल की जनता जागरूक हो चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों और रुके हुए विकास कार्यों का लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा आम जनता, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!