Weather Update: हिमाचल में 4 दिन आंधी-बारिश और बर्फबारी का यैलो अलर्ट

Edited By Kuldeep, Updated: 05 Oct, 2026 07:40 PM

shimla weather bad

हिमाचल में मानसून की विदाई के तुरंत बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 6 से 9 अक्तूबर तक आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर बना रहेगा।

शिमला (संतोष): हिमाचल में मानसून की विदाई के तुरंत बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 6 से 9 अक्तूबर तक आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने इन चार दिनों के लिए विभिन्न जिलों में यैलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले व मध्य क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 6 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने, बिजली कड़कने और बारिश की संभावना है। 7 से 9 अक्तूबर तक चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 10 और 11 अक्तूबर को भी कई स्थानों पर मौसम खराब रहेगा, हालांकि कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ेगी। यह खराब मौसम निचले इलाकों में मक्की की कटाई और सेब उत्पादक क्षेत्रों में अंतिम चरण की तुड़ाई को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, किन्नौर में सेब का सीजन अब शुरू हो रहा है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सफर के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने आंधी और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को खुले स्थानों, बड़े पेड़ों और लोहे के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी है। गौरतलब है कि इस वर्ष हिमाचल से 3 अक्तूबर को मानसून विदा हुआ था, जिस दौरान सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!