Shimla News: पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट का मुख्य सरगना फरीदाबाद से गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 10 Jun, 2026 07:29 PM

main kingpin of interstate drug syndicate arrested from faridabad

शिमला पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना बालूगंज की टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट के मुख्य सरगना और डिस्ट्रीब्यूटर रवि अहिरवार (21) को हरियाणा के फरीदाबाद से...

शिमला (संतोष): शिमला पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना बालूगंज की टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट के मुख्य सरगना और डिस्ट्रीब्यूटर रवि अहिरवार (21) को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से जिला छतरपुर, मध्य प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस अन्वेषण में इस गिरोह के काम करने के बेहद चौंकाने वाले तौर-तरीके सामने आए हैं। आरोपी रवि अहिरवार शिमला स्थित आईएसबीटी टूटीकंडी और उसके आसपास के क्षेत्रों में दूध, कुरकुरे आदि के खाली पैकेटों में चिट्टा छिपाकर रख देता था। पैकेट छिपाने के बाद आरोपी उस जगह की वीडियो बनाकर मुख्य संचालक विशाल को भेजता था। जैसे ही खरीददार से बैंक खाते में भुगतान की पुष्टि होती, वैसे ही वह लोकेशन खरीददार को सांझा कर दी जाती थी।

1 वर्ष में 50 बार आया शिमला, 1.25 करोड़ का मिला वित्तीय लेनदेन
आरोपी रवि वर्ष 2025 से मोहाली में रह रहा था और इस काम के लिए उसे मोटा कमीशन मिलता था। पिछले एक साल में वह करीब 50 बार शिमला आकर इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे चुका है। आरोपी के खिलाफ मोबाइल से डिजिटल साक्ष्य और वीडियो रिकॉर्डिंग बरामद हुई है। यह नैटवर्क कितने बड़े स्तर पर सक्रिय था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस को जांच के दौरान पिछले महज 3 महीनों में ही इस पूरी सप्लाई चेन के भीतर लगभग 1.25 करोड़ रुपए के वित्तीय लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं।

ऐसे खुली नैटवर्क की परतें
इस मामले की शुरूआत 24 अप्रैल, 2026 को हुई थी, जब बालूगंज पुलिस ने अविनाश चौहान (37) को 7 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा था। गहन पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने पहले भोजपुर (बिहार) के दो भाइयों विशाल यादव और जय प्रकाश यादव को गिरफ्तार किया और अब आखिरकार फरीदाबाद से इस पूरे नैटवर्क के मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर रवि अहिरवार को दबोच लिया गया है। कोर्ट से आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल कर आगे की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।

नशे के खिलाफ जारी रहेगी पुलिस की कार्रवाई : एसएसपी
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि शिमला पुलिस की कार्रवाई केवल छोटी मात्रा की बरामदगी अथवा स्थानीय स्तर की गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नैटवर्कों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त करने की दिशा में सुनियोजित एवं प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। शिमला पुलिस भविष्य में भी मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध इसी दृढ़ता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई जारी रखेगी। 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!