Shimla: मानसून सत्र से पहले सुक्खू मंत्रिमंडल का विस्तार संभव

Edited By Kuldeep, Updated: 31 Jul, 2026 10:23 PM

shimla cabinet expansion

हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र से पहले राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

शिमला (राक्टा): हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र से पहले राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसके साथ ही कुछ मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल हो सकता है, जबकि प्रदेश कांग्रेस में कुछ नियुक्तियां भी जल्द की जा सकती हैं। इसी कड़ी में सत्ता और संगठन से जुड़े मसलों पर शुक्रवार को दिल्ली दौरे पर चल रहे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की।

सूत्रों के अनुसार इस दौरान सत्ता और संगठन से जुड़े मसलों पर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं कसौली में प्रस्तावित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। गौर हो कि मुख्यमंत्री भी मं​त्रिमंडल विस्तार के संकेत दे चुके हैं। ऐसे में अब हाईकमान की मोहर लगना शेष है और माना जा रहा कि मानसून सत्र से पहले कैबिनेट में रिक्त पड़े मंत्री के एक पद को भरा जा सकता है। देखा जाए तो मंत्रिमंडल विस्तार की हलचल के बीच विधायक सुंदर ठाकुर के भी दिल्ली पहुंचने से राजनीतिक चर्चाओं को और बल मिला है।

मंत्री पद के लिए विधायक सुंदर ठाकुर और संजय रत्न को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल करने के साथ-साथ कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर भी जल्द नियुक्ति होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी में भी जल्द ही पार्टी सचिव, प्रवक्ता सहित कुछ अन्य पदों पर नियुक्तियां की जा सकती हैं। वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू ने शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित स्पोर्ट्स, फिटनैस एवं इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपो-2026 का अवलोकन किया। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर तथा सांसद अनुराग शर्मा भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे।

आज दिल्ली से चम्बा पहुंचेगे सीएम
मुख्यमंत्री सुक्खू शनिवार को दिल्ली से चम्बा पहुंचेंगे। इसी कड़ी में वह 2 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला 2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसी दिन वह कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। वहीं 3 अगस्त को मुख्यमंत्री दोपहर बाद शिमला लौट आएंगे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!