Shimla News: अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नैटवर्क का पर्दाफाश, UP-पंजाब के सरगनाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 08 Aug, 2026 06:00 PM

interstate drugs smuggling network busted 5 accused arrested

जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ा प्रहार करते हुए रोहड़ू क्षेत्र में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय चिट्टा सप्लाई नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। महज 53 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से शुरू हुई इस जांच के तार खंगालते हुए पुलिस उत्तर प्रदेश और पंजाब तक...

रोहड़ू (कार्तिक): जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ा प्रहार करते हुए रोहड़ू क्षेत्र में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय चिट्टा सप्लाई नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। महज 53 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से शुरू हुई इस जांच के तार खंगालते हुए पुलिस उत्तर प्रदेश और पंजाब तक जा पहुंची। पुलिस की इस सघन और लगातार कार्रवाई में नैटवर्क के मुख्य सप्लायरों सहित अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जानकारी के अनुसार इस पूरे अंतर्राज्यीय नैटवर्क का खुलासा पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज अभियोग की जांच के दौरान हुआ। प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रोहड़ू के ही रहने वाले दो स्थानीय आरोपियों  पिंकू राम और सुनील पुहारता को 53 ग्राम चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस केवल खेप पकड़ने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इस नशे के बैकवर्ड लिंकेज की गहनता से पड़ताल शुरू की।

पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बाहरी राज्यों तक फैल गया। पुलिस की टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए इस नैटवर्क के मुख्य आपूर्तिकर्ताओं को धर दबोचा। इनमें उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला सलमान हैदर और पंजाब के गुरदासपुर (काला अफगाना) का रहने वाला 29 वर्षीय थॉमस मसीह शामिल है। पुलिस के अनुसार ये दोनों बाहरी राज्यों से रोहड़ू में चिट्टे की खेप पहुंचाने वाले मुख्य सरगना थे।

इन मुख्य सप्लायरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नशे की आपूर्ति से जुड़ी आगे की स्थानीय कड़ियों को भी जोड़ा। इसी कार्रवाई के आधार पर रोहड़ू क्षेत्र के गांव करालश (डाकघर कांसाकोटी) के रहने वाले 33 वर्षीय मनोज ठाकुर उर्फ सन्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक पकड़े गए ये पांचों आरोपी रोहड़ू में एक संगठित अंतर्राज्यीय चिट्टा नैटवर्क चला रहे थे। फिलहाल इस मामले की जांच अभी जारी है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य पहलुओं व संभावित संपर्कों की भी बारीकी से तलाश की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!