Edited By Vijay, Updated: 04 Oct, 2026 01:39 PM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां कलहणी पंचायत में सर्दियों के लिए मवेशियों का चारा जुटाने गई एक महिला की ढांक (पहाड़ी) से गिरकर मौत हो गई।
बालीचौकी/मंडी (फरेंद्र): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां कलहणी पंचायत में सर्दियों के लिए मवेशियों का चारा जुटाने गई एक महिला की ढांक (पहाड़ी) से गिरकर मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान औट थाना क्षेत्र के जांओ गांव, डाकघर कलहणी निवासी 45 वर्षीय तुलसी देवी पत्नी उत्तम राम के रूप में की गई है।
गौरतलब है कि इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दियों के लिए मवेशियों का चारा जुटाने और घास को सुखाकर रखने का काम जोरों पर चल रहा है। इसी के चलते तुलसी देवी शनिवार शाम करीब 4 बजे कलहणी मोड़ के पास मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। घास काटते समय अचानक पहाड़ी से एक चट्टान खिसक गई, जिसकी चपेट में आकर तुलसी देवी सीधे 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जब शाम करीब 6 बजे तक तुलसी देवी घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को अनहोनी की चिंता सताने लगी। इसके बाद परिवार के सदस्य और ग्रामीण उसे ढूंढने के लिए घासनी की ओर निकले। काफी खोजबीन के बाद गहरी खाई में तुलसी देवी का शव बरामद हुआ, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे जांओ गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका तुलसी देवी अपने पीछे पति, एक बेटा और तीन बेटियां छोड़ गई हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय कलहणी पंचायत की प्रधान द्रौपदी देवी ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई थी। वहीं, औट थाना के प्रभारी गगन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई व जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें