Mandi: महिला ने 4 साल के बेटे संग निगला संदिग्ध पदार्थ, गंभीर हालत में नेरचौक मेडिकल कॉलेज रैफर

Edited By Vijay, Updated: 04 Oct, 2026 04:18 PM

woman consumed suspicious substance with son

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घटासनी-बरोट मार्ग पर स्थित पंचायत जिल्हण के सिल्हासवाड़ गांव में रविवार को एक 26 वर्षीय महिला ने अपने 4 साल के मासूम बेटे के साथ कथित तौर पर संदिग्ध पदार्थ निगल लिया।

मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घटासनी-बरोट मार्ग पर स्थित पंचायत जिल्हण के सिल्हासवाड़ गांव में रविवार को एक 26 वर्षीय महिला ने अपने 4 साल के मासूम बेटे के साथ कथित तौर पर संदिग्ध पदार्थ निगल लिया। इस घटना में मां और बेटे दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें गंभीर अवस्था में नेरचौक मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की पहचान 26 वर्षीय जय ललिता पत्नी पवन कुमार और उसके 4 वर्षीय बेटे कनिष्क के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति पवन कुमार पेशे से मिस्त्री है और रविवार सुबह एक मकान में स्लैब डालने के काम पर गया हुआ था। वहीं, उसके सास-ससुर भी खेतों में काम करने गए हुए थे। घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान महिला ने यह कदम उठा लिया।

कुछ समय बाद जब मां और बेटे की तबीयत बिगड़ने लगी तो पड़ोसियों को इसकी भनक लगी। उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत परिजनों को सूचित किया और दोनों को नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत 108 एंबुलैंस के माध्यम से लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक रैफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्शन में आ गई है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला और उसके बच्चे की हालत चिंताजनक है और नेरचौक में उनका इलाज चल रहा है। एसपी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। इसके साथ ही अस्पताल में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। महिला ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में और क्यों उठाया, पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही घटना के वास्तविक कारणों का पता लगा लिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!