Edited By Vijay, Updated: 04 Oct, 2026 04:53 PM

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के नगवाईं में हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है
नगवाईं/मंडी (मनोज): हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के नगवाईं में हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में करीब 7 लोगों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों गुटों के बीच अचानक विवाद बढ़ गया, जिसने हिंसक रूप ले लिया। घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए नगवाईं अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद एक व्यक्ति की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जोनल अस्पताल कुल्लू रैफर कर दिया है जबकि दूसरे घायल व्यक्ति का स्थानीय स्तर पर इलाज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही औट थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हिंसक झड़प के पीछे का मुख्य कारण दोनों गुटों के बीच चल रही कोई पुरानी रंजिश है।
इस मामले में पुलिस ने करीब 7 लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल औट थाना पुलिस घटना के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें