Shimla News: किन्नौर के इस 'लाल' ने बढ़ाया हिमाचल का मान, भारत सरकार ने ईरान में सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

Edited By Vijay, Updated: 07 Aug, 2026 04:59 PM

ifs vishwesh negi

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के लिए एक बड़ी और गौरवशाली खबर सामने आई है। भारतीय विदेश सेवा  के 2002 बैच के वरिष्ठ अधिकारी और किन्नौर मूल के निवासी विश्वेश नेगी को तेहरान (ईरान) में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है।

रिकांगपिओ (रिपन): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के लिए एक बड़ी और गौरवशाली खबर सामने आई है। भारतीय विदेश सेवा  के 2002 बैच के वरिष्ठ अधिकारी और किन्नौर मूल के निवासी विश्वेश नेगी को तेहरान (ईरान) में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (ओशिनिया) का अहम दायित्व संभाल रहे थे।

देश और विदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं नेगी
अपने बेहतरीन कूटनीतिक करियर के दौरान विश्वेश नेगी ने देश और विदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (ओशिनिया) का पदभार ग्रहण करने से पूर्व, वह वर्ष 2022 से 2025 तक रक्षा मंत्रालय (नई दिल्ली) में संयुक्त सचिव (अंतर्राष्ट्रीय सहयोग) के रूप में तैनात थे। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय मिशनों की बात करें तो नेगी पूर्व में भी तेहरान (ईरान) में द्वितीय सचिव (राजनीतिक) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने रोम (इटली) में प्रथम सचिव (राजनीतिक) और लंदन (यूनाइटेड किंगडम) में मंत्री (राजनीतिक एवं प्रैस) जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। विदेश मंत्रालय मुख्यालय में भी उनका अनुभव व्यापक रहा है। वह संयुक्त राष्ट्र, पाकिस्तान-अफगानिस्तान और श्रीलंका प्रभागों में निदेशक, उपसचिव और अवर सचिव जैसी अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

शिमला से वाशिंगटन तक की पढ़ाई, फारसी में हासिल है महारत
विश्वेश नेगी की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी बेहद मजबूत है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र और लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर (मास्टर डिग्री) की उपाधि प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2008 में उन्होंने अमेरिका के प्रतिष्ठित जॉर्ज वॉशिंगटन विश्वविद्यालय के इलियट स्कूल ऑफ इंटरनैशनल अफेयर्स से अमेरिकी विदेश नीति में डिप्लोमा भी हासिल किया है। ईरान में उनकी इस नई नियुक्ति के लिहाज से उनका फारसी भाषा में दक्ष होना भारत के लिए एक बड़ा कूटनीतिक फायदा माना जा रहा है।

किन्नौर में जश्न का माहौल
राजदूत विश्वेश नेगी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर की पूह तहसील के कानम गांव से संबंध रखते हैं। एक ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की उनकी इस उपलब्धि से पूरे हिमाचल प्रदेश और विशेषकर किन्नौर जिले के लोगों में भारी हर्ष और गर्व का माहौल है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!