चम्बा के भरमौर में भयानक हादसा: खाई में गिरकर पति-पत्नी की मौत, इलाके में पसरा मातम

Edited By Vijay, Updated: 25 Jun, 2026 04:11 PM

husband wife lost their lives after falling into ditch

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर से एक दिल दहला देने वाली और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के लिल्ह इलाके में एक गहरी खाई में गिरकर एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई।

चम्बा (रणवीर): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर से एक दिल दहला देने वाली और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के लिल्ह इलाके में एक गहरी खाई में गिरकर एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दाड़वीं के गांव उहां के रहने वाला गौरख कुमार (33) वीरवार को अपनी पत्नी सुषमा (26) के साथ उसके मायके लिल्ह जा रहा था। लिल्ह गांव सड़क से काफी दूरी पर स्थित है और वहां तक पहुंचने के लिए ऊंची पहाड़ियों के बीच बनी संकरी पगडंडियों से होकर गुजरना पड़ता है। यह दंपति अक्सर इसी रास्ते से आता-जाता था। वीरवार को भी दोनों हंसते-मुस्कुराते ससुराल जा रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि पगडंडी का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

रास्ते में लिल्ह की एक गहरी ढांक के पास अचानक गौरख कुमार का पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नीचे गहरी खाई की तरफ गिरने लगा। अपनी आंखों के सामने पति को मौत के मुंह में जाता देख सुषमा ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे पकड़ने का जोरदार प्रयास किया, लेकिन इस जद्दोजहद में सुषमा का भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों पति-पत्नी एक साथ गहरी खाई में जा गिरे।

इस खौफनाक हादसे को देख आसपास के लोगों ने तुरंत शोर मचाया और घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों तक पहुंचाई। सूचना मिलते ही भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और गहरी खाई में उतरकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन जब तक ग्रामीणों ने उन तक पहुंच बनाई, तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को खाई से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दर्दनाक घटना की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर मौजूद चश्मदीदों, मायके वालों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!