चम्बा के छात्रों के लिए खुशखबरी! 25 सरकारी स्कूलों में ₹2.50 करोड़ से स्थापित होंगी स्मार्ट कम्प्यूटर लैब

Edited By Vijay, Updated: 10 Sep, 2026 04:22 PM

smart computer labs will be set up in 25 schools of chamba

आकांक्षी जिला चम्बा के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ा जाएगा। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की अनुशंसा पर जिले के 25 चयनित सरकारी सैकेंडरी एवं हायर सैकेंडरी स्कूलों में अत्याधुनिक...

चम्बा (काकू): आकांक्षी जिला चम्बा के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ा जाएगा। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की अनुशंसा पर जिले के 25 चयनित सरकारी सैकेंडरी एवं हायर सैकेंडरी स्कूलों में अत्याधुनिक स्मार्ट कम्प्यूटर लैब स्थापित करने की मंजूरी मिल गई है। इस पूरी परियोजना पर लगभग 2.50 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

एचपीसीएल के साथ एमओयू हस्ताक्षरित
सांसद हर्ष महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस परियोजना के माध्यम से चयनित विद्यालयों में स्मार्ट कम्प्यूटर क्लासरूम और आधुनिक डिजिटल शिक्षा की सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे हजारों ग्रामीण विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।

दुर्गम क्षेत्रों तक डिजिटल शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य
हर्ष महाजन ने कहा कि चम्बा एक आकांक्षी जिला होने के साथ-साथ भौगोलिक दृष्टि से एक चुनौतीपूर्ण क्षेत्र भी है। यहां कई बच्चे दूरदराज और दुर्गम इलाकों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में आधुनिक डिजिटल सुविधाओं को पहाड़ के अंतिम छोर तक पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू होने वाली यह परियोजना सरकारी स्कूलों के बच्चों को तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी।

प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री का जताया आभार
सांसद ने इस विशेष पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चम्बा के विद्यार्थियों के लिए स्वीकृत की गई 2.50 करोड़ रुपए की यह राशि मात्र आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि यह यहां के बच्चों के भविष्य में किया जा रहा एक बड़ा निवेश है। उनका लक्ष्य है कि पहाड़ के दूरदराज क्षेत्र में पढ़ने वाला बच्चा भी डिजिटल तकनीक के मामले में देश के किसी अन्य बच्चे से पीछे न रहे।

5 ब्लॉकों के 25 स्कूलों में मिलेंगी ई-लर्निंग सुविधाएं
इस परियोजना के तहत चम्बा जिले के 5 विकास खंडों के 25 विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें चम्बा के 6, चुराह के 6, भरमौर के 5, डल्हौजी के 4 तथा भटियात के 4 सरकारी विद्यालय शामिल हैं। प्रत्येक स्मार्ट कम्प्यूटर लैब में आधुनिक कम्प्यूटर, आवश्यक फर्नीचर और ई-लर्निंग से संबंधित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इन 25 सरकारी विद्यालयों में स्थापित होंगी स्मार्ट लैब
चम्बा ब्लॉक के जीएसएसएस करियां, चनेड़, सिल्लाघ्राट, खज्जियार, कोहलारी और कोलका।
चुराह ब्लॉक के जीएसएसएस बैरागढ़, बोंदेरी, चांजू, जस्सौरगढ़, थल्ली और राजनगर।
भरमौर ब्लॉक के जीएसएसएस मेहला, गुवां, होली, सुनारा और लयल्ह।
डल्हौजी ब्लॉक के जीएसएसएस ग्रांगर, मंजीर, सुंडला और हिमगिरी।
भटियात ब्लॉक के जीएसएसएस तुंडी, होबार, सामोटे और रायपुर।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!