Edited By Vijay, Updated: 31 Oct, 2026 02:16 PM

ऊना जिले के अम्ब पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोंदपुर बनेहड़ा में एक ट्रैक्टर चालक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार तीन युवकों ने पहले ट्रैक्टर को रोका, फिर चालक की आंखों में कोई पाऊडरनुमा पदार्थ...
अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के अम्ब पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोंदपुर बनेहड़ा में एक ट्रैक्टर चालक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार तीन युवकों ने पहले ट्रैक्टर को रोका, फिर चालक की आंखों में कोई पाऊडरनुमा पदार्थ फैंककर उस पर हमला कर दिया। पीड़ित ने घटना के दौरान अपने पास मौजूद 70 हजार रुपए की नकदी भी गायब होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में वार्ड नंबर-2 गोंदपुर बनेहड़ा निवासी राहुल शर्मा (34) ने बताया कि वह अपने चाचा का ट्रैक्टर चलाता है। 30 अक्तूबर को वह बिल्ला ईंट भट्ठे से ईंटें लेकर ब्रह्मपुर गया था। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वह वापस भंजाल की तरफ लौट रहा था, तभी गोंदपुर बनेहड़ा में पीछे से आई एक कार ने ओवरटेक कर उसके ट्रैक्टर के आगे रास्ता रोक लिया। गाड़ी से तीन युवक उतरे। पीड़ित के अनुसार वह उनमें से दो युवकों को चेहरे से पहचानता है, लेकिन उनके नाम नहीं जानता।
राहुल ने अपनी शिकायत में बताया कि युवकों ने उसे ट्रैक्टर से नीचे उतरने को कहा। जब उसने ऐसा करने से मना किया, तो एक युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने अचानक उसकी आंखों में कोई पाऊडर जैसी चीज डाल दी। इसके बाद तीनों ने उसके साथ हाथापाई और मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि इस पूरी घटना के बीच उसके पास रखे 70 हजार रुपए भी गायब हो गए। घटना के बाद राहुल के एक दोस्त ने मौके पर पहुंचकर उसे उपचार के लिए दौलतपुर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पीड़ित राहुल शर्मा के बयान और उसकी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तीनों अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें