Edited By Kuldeep, Updated: 07 May, 2026 07:43 PM

एचआरटीसी की 297 ई-बसों को प्रदेश में लाने से पहले निगम प्रबंधन ने फिर से ट्रायल प्रकिया शुरू कर दी है। बसों के ट्रायल के लिए कुछ बदलाव के बाद नई इलैक्ट्रिक बसें प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंच गई हैं।
शिमला (राजेश): एचआरटीसी की 297 ई-बसों को प्रदेश में लाने से पहले निगम प्रबंधन ने फिर से ट्रायल प्रकिया शुरू कर दी है। बसों के ट्रायल के लिए कुछ बदलाव के बाद नई इलैक्ट्रिक बसें प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंच गई हैं। ट्रायल के कुल 10 बसें आई हैं। इन बसों का निगम के चारों डिवीजनों, मंडी, शिमला, हमीरपुर और धर्मशाला में एक बार फिर से ट्रायल किया जाएगा। इन बसों की डिलीवरी से पहले निगम प्रबंधन इन बसों की तकनीकी खामियों पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। इससे पहले भी ऑलेक्ट्रा ग्रीन टैक लिमिटेड कंपनी ने ट्रायल के लिए 2 बसें भेजी थीं, जिनका प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर करीब एक माह तक ट्रायल किया गया था।
ऐसे में इस दौरान कुछेक रूटों पर तकनीकी रूप से जो भी खामियां सामने आईं उन्हें दुरुस्त करने के लिए कंपनी को निगम प्रबंधन द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, ऐसे में ये बसें फिर से प्रदेश में भेजी गई हैं। निगम प्रबंधन की टीम ने सोलन-अर्की रूट पर ट्रायल भी किया है। वहीं शिमला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में शुक्रवार से ट्रायल शुरू होंगे। डीएम शिमला देवासेन नेगी ने बताया कि ट्रायल के लिए बसें फिर से पहुंची हैं शुक्रवार से शिमला सहित प्रदेश के अन्य ग्रामीण रूटों पर ट्रायल होंगे।