Edited By Kuldeep, Updated: 02 Jul, 2026 06:42 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीएड की परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। इसके तहत बीएड द्वितीय व चतुर्थ सैमेस्टर (रैगुलर) व सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) के अंतर्गत बीएड प्रथम व द्वितीय वर्ष (वार्षिक प्रणाली) की परीक्षाएं...
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीएड की परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। इसके तहत बीएड द्वितीय व चतुर्थ सैमेस्टर (रैगुलर) व सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) के अंतर्गत बीएड प्रथम व द्वितीय वर्ष (वार्षिक प्रणाली) की परीक्षाएं आयोजित होंगी। यह परीक्षाएं 14 जुलाई से शुरू होंगी। परीक्षाएं 6 अगस्त तक चलेंगी। परीक्षाएं दोपहर के सत्र में आयोजित होंगी और 80 अंक वाली परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक और 40 अंक वाली परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से 3.30 बजे तक चलेंगी। विस्तृत डेटशीट व अन्य सूचना विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।
एमसीए में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग 9 को, वर्गवार कट ऑफ भी जारी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एमसीए कोर्स में सब्सिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश के लिए काऊंसलिंग 9 जुलाई को आयोजित करने का निर्णय लिया। कम्प्यूटर साइंस विभाग ने काऊंसलिंग शैड्यूल जारी कर दिया है। इसके साथ ही काऊंसलिंग में भाग लेने के लिए प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर वर्गवार कट ऑफ भी जारी कर दी है। इसके अनुसार ओपन व एचपीयू सामान्य वर्ग की कट ऑफ 50 व इससे अधिक रखी गई है, जबकि एससी वर्ग की 42 व इससे अधिक, एसटी वर्ग की 38 व इससे अधिक, सिंगल गर्ल चाइल्ड (सुपरन्यूमरेरी) वर्ग की 40 व इससे अधिक, हिमाचल प्रदेश के ईडब्ल्यूएस वर्ग की 44 व इससे अधिक, पीडब्ल्यूडी वर्ग की 35 व इससे अधिक, कल्चर वर्ग की 40 व इससे अधिक और खेल वर्ग की 40 व इससे अधिक कट ऑफ रखी गई है। इसके अलावा विश्वविद्यालय का शिक्षा विभाग एमए एजुकेशन में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग 6 जुलाई को आयोजित करेगा।