Edited By Vijay, Updated: 21 May, 2026 02:50 PM

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के थाना तलाई पुलिस की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 13.9 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के थाना तलाई पुलिस की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 13.9 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की कार को भी कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना तलाई पुलिस की एक टीम बीते दिन क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि एक कार में सवार होकर कुछ युवक नशीला पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और बागछाल पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी।
नाके के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार (HP 74B-0253) को जांच के लिए रोका। जब पुलिस ने कार और उसमें बैठे दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 13.9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। नशीला पदार्थ मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशीष कुमार निवासी लदरौर, तहसील भोरंज व जिला हमीरपुर और पंकज कुमार निवासी भदरेट, डाकघर भपराल, तहसील घुमारवीं व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
तलाई पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाए थे और इसे आगे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 13.9 ग्राम चिट्टा पकड़ा है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगामी छानबीन की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें