Edited By Vijay, Updated: 21 Jul, 2026 06:03 PM

मंडी जिले के सुंदरनगर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने पुंघ फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक हरियाणा नंबर की कार से 350 ग्राम चरस बरामद की है।
सुंदरनगर (सोढी): मंडी जिले के सुंदरनगर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने पुंघ फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक हरियाणा नंबर की कार से 350 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने कार में सवार तीन युवकों और एक युवती को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुंदरनगर पुलिस थाने की एक टीम पुंघ फोरलेन पर रूटीन चैकिंग और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही हरियाणा नंबर की एक कार को पुलिस ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को कार में सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। शक के आधार पर जब पुलिस ने वाहन और उसमें बैठे लोगों की गहनता से तलाशी ली तो उनके पास से एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ। पैकेट को खोलने पर उसमें से 350 ग्राम चरस पाई गई।
चरस बरामद होते ही पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया और कार में सवार चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अरुण निवासी गांव बारापुर, डाकघर पांवटा साहिब व जिला सिरमौर, करन निवासी गांव व डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहि व जिला सिरमौर, अंकित शर्मा निवासी गांव मंगूल, डाकघर व तहसील गलोड़ व जिला हमीरपुर और माही निवासी गांव भोगपुर, डाकघर मेहरमाजरा, तहसील जगाधरी व जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में की गई है।
सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने पुष्टि करते हुए बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह चरस कहां से खरीद कर लाए थे, इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी और क्या ये किसी बड़े ड्रग नैटवर्क का हिस्सा हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें