Edited By Vijay, Updated: 18 Jul, 2026 11:10 AM

मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में एक महिला अध्यापिका द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए मृतका के पति, सास-ससुर और ननद की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस...
सुंदरनगर (सोढी): मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में एक महिला अध्यापिका द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए मृतका के पति, सास-ससुर और ननद की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। मामले की सुनवाई के उपरांत अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए चारों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। अदालत के आदेशों के बाद आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
पुलिस को मिला लिखित नोट, लिखावट की सत्यता की हो रही जांच
इस मामले में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा है। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका का एक कथित लिखित नोट बरामद किया है। इस नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस इस नोट की लिखावट की सत्यता जांचने के लिए फोरैंसिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस को अब इस लिखावट की जांच रिपोर्ट आने का बेसब्री से इंतजार है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि अध्यापिका को यह खौफनाक कदम उठाने के लिए किस हद तक मजबूर किया गया था।
भाई की शिकायत पर बीएसएल कालोनी थाने में दर्ज हुआ था मामला
इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस को जैसे-जैसे नए साक्ष्य मिल रहे हैं, उसी के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। गौरतलब है कि मृतका के भाई ने पुलिस थाना बीएसएल कालोनी में अपनी बहन के ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में भाई ने गंभीर आरोप लगाया था कि मृतका के पति, सास, ससुर और ननद द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर महिला अध्यापिका ने अपनी जीवनलीला समाप्त करते हुए आत्मघाती कदम उठा लिया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें