Mandi News: 'जनता और सरकार के बीच सेतु है मीडिया', DC अपूर्व देवगन ने फेक न्यूज और AI पर दी बड़ी नसीहत

Edited By Vijay, Updated: 23 Jul, 2026 11:51 PM

mandi news pib media workshop dc apoorv devgan on ai fake news

पारदर्शी प्रशासन और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सही सूचना का प्रसार बेहद आवश्यक है। मीडिया सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है।

मंडी (रजनीश): पारदर्शी प्रशासन और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सही सूचना का प्रसार बेहद आवश्यक है। मीडिया सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। ये बातें वीरवार को डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) शिमला द्वारा मंडी में आयोजित एकदिवसीय जिला स्तरीय मीडिया कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि पीआईबी का यह आयोजन प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया के बीच संवाद व समन्वय को और सुदृढ़ करेगा। इसके अलावा सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पीआईबी एक प्रामाणिक और अहम स्रोत है। डीसी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की क्षमताओं को समझने के साथ-साथ इसके जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर देना जरूरी है। जल्दबाजी में की गई रिपोर्टिंग अक्सर सटीक फैसलों पर असर डालती है, इसलिए समय के दबाव के बीच भी जिम्मेदारी से काम लेना चाहिए। 

विशिष्ट अतिथि एसपी मंडी विनोद कुमार ने नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए पुलिस विभाग के नशा मुक्ति अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने युवाओं को सही दिशा देने और समाज को नशामुक्त बनाने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका को रेखांकित किया। कार्यशाला की शुरूआत पीआईबी शिमला के सहायक निदेशक संजीव कुमार शर्मा के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने पीआईबी की कार्यप्रणाली और वार्तालाप के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। कार्यशाला में प्रिंट व इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकारों, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

आईआईटी मंडी के प्रोफैसर वरुण दत्त ने डिजिटल युग में भ्रामक सूचनाओं के खतरों, फेक न्यूज की पहचान के व्यावहारिक तरीकों और तथ्य-जांच के साधनों पर व्याख्यान दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग डीपीओ अजय बदरेल ने महिलाओं व बच्चों के कल्याण के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और उपलब्धियों का ब्यौरा दिया। बागवानी विभाग की एसएमएस पूजा गौतम ने राज्य की अर्थव्यवस्था में बागवानी के योगदान, किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीक पर बात की। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) मंडी के आपातकालीन परिचालन केंद्र प्रभारी प्रवीण भारद्वाज ने पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा जोखिम कम करने, त्वरित राहत-बचाव कार्यों और नवीन प्रयोगों से अवगत कराया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!