Edited By Kuldeep, Updated: 26 Oct, 2026 05:11 PM

जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है।
हमीरपुर (अजय): जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। सदर थाना प्रभारी इंस्पैक्टर कुलवंत सिंह राणा की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार 2 युवकों को 1 किलो 28 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथ दबोचने में कामयाबी हासिल की है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस टीम शहर के बाजार में गश्त पर थी, इसी दौरान बाजार में एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर जा रहे 2 संदिग्ध युवकों पर पुलिस की नजर पड़ी। दोनों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
पुलिस को सामने देखकर मोटरसाइकिल सवारों ने वहां से भाग निकलने की कोशिश की लेकिन पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए पीछा करते हुए उन्हें हथली खड्ड के नजदीक चारों तरफ से घेर कर दबोच लिया। मोटरसाइकिल चला रहे मुख्य आरोपी युवक की पहचान लेखराज (20) पुत्र मेघ सिंह, निवासी बाखली (पंडोह) जिला मंडी के रूप में हुई है, जबकि मोटरसाइकिल पर उसके साथ एक नाबालिग भी सवार था। जब पुलिस ने मौके पर उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 1 किलो 28 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने चरस व मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है कि आरोपी यह चरस मंडी में कहां से लेकर आए थे और हमीरपुर में इसे किसे बेचा जाना था। एएसपी राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि की है।