Chamba News: भरमौर के बन्नी नाले में अचानक आया उफान, स्कूली बच्चे और श्रद्धालु रास्ते में फंसे

Edited By Vijay, Updated: 31 Jul, 2026 03:07 PM

flash flood in banni nala of bharmour

चम्बा जिले के भरमौर उपमंडल स्थित बन्नी नाले में वीरवार को अचानक जलस्तर बढ़ने से भारी अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ों पर हुई हल्की बारिश के बाद उफनते नाले के कारण दोनों ओर स्कूली बच्चे, श्रद्धालु और वाहन फंस गए।

भरमौर (उत्तम): चम्बा जिले के भरमौर उपमंडल स्थित बन्नी नाले में वीरवार को अचानक जलस्तर बढ़ने से भारी अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ों पर हुई हल्की बारिश के बाद उफनते नाले के कारण दोनों ओर स्कूली बच्चे, श्रद्धालु और वाहन फंस गए। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और सतर्कता के चलते सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया। प्रशासन के अनुसार इस घटना में किसी भी प्रकार के जानमाल के नुक्सान की सूचना नहीं है।

बीच रास्ते में फंसे लोग, घटना का वीडियो आया सामने
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना उस वक्त हुई जब बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे और कई श्रद्धालु मंदिरों के दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और लोगों को अपनी जान बचाने के लिए बीच रास्ते में ही रुकना पड़ा। इस खौफनाक मंजर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उफनते नाले के तेज बहाव के कारण आवाजाही पूरी तरह से ठप्प होती नजर आ रही है।

हर साल बरसात में मंडराता है मौत का साया
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ों पर मामूली बारिश होने पर भी बन्नी नाले का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। इस मार्ग से हर वर्ष हजारों श्रद्धालु मंदिरों के दर्शन के लिए गुजरते हैं, लेकिन बरसात के मौसम में यह नाला एक जानलेवा बाधा बन जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान पर पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन हर साल यही खतरनाक स्थिति पैदा होती है और अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

ग्रामीणों की चेतावनी, स्थायी पुल नहीं बना तो हो सकता है बड़ा हादसा
समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से बन्नी नाले पर शीघ्र स्थायी पुल के निर्माण की मांग दोहराई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते पुल का निर्माण नहीं करवाया गया, तो भविष्य में यहां कोई बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता है। इसके साथ ही, ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जब तक पुल का निर्माण नहीं होता, तब तक बरसात के मौसम में नाले के आसपास सुरक्षा प्रबंध कड़े किए जाएं, ताकि यहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!