Edited By Kuldeep, Updated: 12 Sep, 2026 09:20 PM

चम्बा जिले की नगर पंचायत चुवाड़ी के लिए जारी केंद्रीय वित्त आयोग (सीएफसी) की करीब 34 लाख रुपए की अनुदान राशि गलती से एक विक्रेता के बैंक खाते में पहुंच गई।
चम्बा (काकू): चम्बा जिले की नगर पंचायत चुवाड़ी के लिए जारी केंद्रीय वित्त आयोग (सीएफसी) की करीब 34 लाख रुपए की अनुदान राशि गलती से एक विक्रेता के बैंक खाते में पहुंच गई। नगर पंचायत की शिकायत पर पुलिस ने विक्रेता के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि खाते में गलती से पहुंची राशि में से 22,61,305 रुपए की तत्काल वसूली कर ली गई, लेकिन शेष 11,46,956 रुपए लौटाने से विक्रेता ने इंकार कर दिया। नगर पंचायत चुवाड़ी के सचिव आदित्य चौहान ने शिकायत में चुवाड़ी के वार्ड नंबर 2 निवासी मातुल शर्मा पुत्र संतोष शर्मा को आरोपी बनाया है।
शिकायत के अनुसार शहरी विकास विभाग की ओर से 31 मार्च 2026 नगर पंचायत चुवाड़ी को एक पत्र प्राप्त हुआ था। पत्र सीएफसी फंड जारी होने से संबंधित था। हालांकि नगर पंचायत के खाते में निर्धारित राशि जमा नहीं हुई। इस पर नगर पंचायत ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू की। जांच के दौरान पीएफएमएस वाऊचर की पड़ताल की गई तो पता चला कि अनुदान की राशि नगर पंचायत के खाते की बजाय गलती से विक्रेता मातुल शर्मा के खाते में जमा हो गई थी। इसके बाद नगर पंचायत ने तत्काल शहरी विकास निदेशालय और पंजाब नैशनल बैंक के शाखा प्रबंधक को सूचना देकर संबंधित खाते को फ्रीज करवाने की कार्रवाई की।
22.61 लाख रुपए वापस, 11.46 लाख पर अटका मामला
नगर पंचायत की त्वरित कार्रवाई के चलते विक्रेता के खाते से 22,61,305 रुपए की राशि वापस प्राप्त कर ली गई। इसके बाद विक्रेता को गलती से उसके खाते में पहुंची राशि वापस करने के लिए 10 अप्रैल और 27 अप्रैल 2026 को नोटिस जारी किए गए। इसके बावजूद मातुल शर्मा ने शेष 11,46,956 रुपए लौटाने से इंकार कर दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विक्रेता ने शेष राशि को अपने व्यक्तिगत कार्यों में खर्च कर दिया। करीब 5 माह बीत जाने के बाद भी राशि वापस नहीं किए जाने पर नगर पंचायत सचिव ने पुलिस से मामला दर्ज करने का अनुरोध किया। एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।