Edited By Kuldeep, Updated: 17 Sep, 2026 06:13 PM

विकास खंड मैहला के अलमी धार में कुदरत का कहर देखने को मिला है। यहां आसमानी बिजली की चपेट में आने से लगभग 35 भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
चम्बा (रणवीर): विकास खंड मैहला के अलमी धार में कुदरत का कहर देखने को मिला है। यहां आसमानी बिजली की चपेट में आने से लगभग 35 भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा करीब 28 बकरियां गंभीर रूप से घायल हैं। इससे तीन भेड़पालकों को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। ग्राम पंचायत गान के डीगेड गांव निवासी भेड़पालक ठाकरू राम, महिंद्र और तिलक राज अपने पशुधन के साथ अलमी धार पर अस्थायी डेरे में ठहरे हुए थे। इस दौरान अचानक देर रात तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली उनके पशुओं के झुंड पर आ गिरी। रात के अंधेरे में हुई इस घटना से पशुपालकों में अफरा-तफरी मच गई और उनका आजीविका का मुख्य साधन पलक झपकते ही तबाह हो गया।
घटना के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति भी झुलसकर घायल हुआ है, जिसकी स्थिति खतरे से बाहर है। उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पशु पालन व राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर आकर नुक्सान का आकलन किया। एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर ने बताया कि नायब तहसीलदार धरवाला से बात कर संबंधित क्षेत्र के पटवारी को तुरंत मौके पर पहुंचकर नुक्सान की रिपोर्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने घायल भेड़-बकरियों को समय पर उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं और पशुधन का पोस्टमार्टम व आकलन पूरा किया जा रहा है, ताकि प्रदेश सरकार से उचित मुआवजा दिलाया जा सके।