Edited By Vijay, Updated: 23 Jul, 2026 07:00 PM

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बोर्ड परीक्षाओं के पेपर लीक होने के दावों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है।
धर्मशाला (प्रियंका): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बोर्ड परीक्षाओं के पेपर लीक होने के दावों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है। डॉ. शर्मा ने भाजपा नेताओं से अपील की है कि वे बिना तथ्यों के भ्रामक बयानबाजी न करें और शिक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने से बचें।
नीट विवाद से हिमाचल बोर्ड को जोड़ना गलत
धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के कथित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल बोर्ड के पेपर लीक होने का दावा पूरी तरह तथ्यहीन और निराधार है। डॉ. शर्मा ने कहा कि देशभर में नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन इस राष्ट्रीय स्तर के विवाद के साथ हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड का नाम जोड़ना पूरी तरह गलत है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा
नीट मामले पर अपनी बात रखते हुए डॉ. शर्मा ने केंद्र सरकार से इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही, उन्होंने इस धांधली की जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग भी दोहराई है।
ओपन स्कूल फर्जी प्रमाणपत्र मामले पर दी सफाई
पत्रकार वार्ता के दौरान राज्य ओपन स्कूल से जुड़े फर्जी प्रमाणपत्र मामले पर भी बोर्ड अध्यक्ष ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि जिस संस्थान का इस मामले में जिक्र किया जा रहा है, उसे केवल वर्ष 2017 से 2019 के दौरान ही मान्यता मिली थी। वर्तमान समय में उस संस्थान का हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के किसी भी प्रशासनिक या शैक्षणिक कार्य से कोई लेना-देना नहीं है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें