Edited By Vijay, Updated: 16 Sep, 2026 07:06 PM

हिमाचल प्रदेश में जेबीटी शिक्षक बनने की राह देख रहे डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए अहम खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने डीएलएड प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं का विस्तृत शैड्यूल जारी कर दिया है।
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में जेबीटी शिक्षक बनने की राह देख रहे डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए अहम खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने डीएलएड प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं का विस्तृत शैड्यूल जारी कर दिया है। ये परीक्षाएं नियमित, री-अपीयर, फेल तथा पूर्ण विषयों के प्रशिक्षुओं के लिए 5 अक्तूबर से आयोजित की जाएंगी। छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं को अलग-अलग तिथियों में बांटा है। डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 5 अक्तूबर से शुरू होकर 17 अक्तूबर तक चलेंगी और डीएलएड द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 21 अक्तूबर से शुरू होकर 3 नवम्बर तक आयोजित की जाएंगी।
सुबह 10 बजे से शुरू होगी परीक्षा
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश भर के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों और निजी प्रशिक्षण केंद्रों पर इन परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। परीक्षाओं का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। विषय के अनुसार तिथियों की पूरी जानकारी प्राप्त करने के लिए छात्र स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर विस्तृत डेटशीट चैक और डाऊनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा केंद्र पर 30 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य
डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और कड़ा अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से ठीक आधा घंटा पहले अपने परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें