Shimla: बुजुर्ग महिला की आंखों में डाला मिर्ची पाऊडर...फिर सोने की बालियां ले उड़ा शातिर, इलाके में दहशत का माहौल

Edited By Vijay, Updated: 16 Sep, 2026 12:02 PM

crime in shimla

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ग्रामीण इलाकों में अब महिलाएं दिन के उजाले में भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला जिला शिमला के कुमारसैन (नारकंडा) क्षेत्र से सामने आया है....

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ग्रामीण इलाकों में अब महिलाएं दिन के उजाले में भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला जिला शिमला के कुमारसैन (नारकंडा) क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक शातिर ने दिनदहाड़े 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला की आंखों में मिर्च पाऊडर डालकर सोने की बालियां लूट लीं। इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। 

रैकी कर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार घटना बीते 14 सितम्बर की बताई जा रही है। ग्राम पंचायत कोट शिलारू के लतयाणा गांव की रहने वाली 61 वर्षीय सुनो देवी अपने मायके (कंडयाली) जा रही थीं। पुलिस को शक है कि आरोपी पहले से ही सड़क पर घूम रहा था और बुजुर्ग महिला की रैकी कर रहा था। जैसे ही महिला मुख्य सड़क से नीचे जंगल वाले सुनसान रास्ते की ओर उतरी, आरोपी ने पीछे से आकर अचानक उनकी आंखों में मिर्ची पाऊडर झोंक दिया। जब तक बुजुर्ग महिला कुछ समझ पाती, आरोपी ने उनके दोनों कानों से सोने की बालियां नोचीं और मुख्य सड़क की तरफ भाग निकला।

बुजुर्ग ने दिखाई हिम्मत, लोगों ने किया पीछा
आंखों में मिर्च पड़ने के कारण असहनीय जलन और दर्द के बावजूद सुनो देवी ने हिम्मत नहीं हारी। वह खुद को संभालते हुए किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचीं और वहां मौजूद लोगों को आपबीती सुनाई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह जंगल और पहाड़ी रास्तों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। वहीं बुजुर्ग महिला को तुरंत नारकंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी की उम्र लगभग 25 से 26 साल के बीच थी और उसने सफेद चैकदार कमीज व काली पैंट पहन रखी थी।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें, ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। शिलारू पंचायत के प्रधान रोशन ठाकुर ने बताया कि दिनदहाड़े हुई इस लूट से ग्रामीण सकते में हैं। उन्होंने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इससे पहले भी ओडी क्षेत्र में एक महिला के साथ बिल्कुल इसी तर्ज पर लूटपाट की घटना हो चुकी है। लगातार हो रही इन वारदातों से साफ है कि इलाके में कोई गिरोह या शातिर सक्रिय है। पीड़िता के बेटे सुभाष और पंचायत प्रधान ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि क्षेत्र की महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें।

जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना को लेकर नारकंडा पुलिस चौकी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है। इलाके में घूम रहे संदिग्ध लोगों को भी तलब किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तथ्यों को जुटाकर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!