Kangra: गैस एजैंसी पर फूटा उपभोक्ताओं का गुस्सा, बोले-बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलैंडर

Edited By Vijay, Updated: 16 May, 2026 05:50 PM

consumers  anger erupts at gas agency

कांगड़ा जिले के उपमंडल इंदौरा के तहत सिविल सप्लाई विभाग द्वारा संचालित डमटाल गैस एजैंसी की लचर व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में भारी रोष पनप रहा है।

ठाकुरद्वारा (गगन): कांगड़ा जिले के उपमंडल इंदौरा के तहत सिविल सप्लाई विभाग द्वारा संचालित डमटाल गैस एजैंसी की लचर व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में भारी रोष पनप रहा है। आलम यह है कि लोगों को रसोई गैस सिलैंडर लेने के लिए चिलचिलाती धूप में घंटों लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जो विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

छुट्टी लेकर लाइन में खड़े हो रहे नौकरीपेशा लोग
गैस सिलैंडर को लेकर सबसे ज्यादा परेशानी नौकरीपेशा और सरकारी कर्मचारियों को उठानी पड़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस लेने के लिए उन्हें अपना कामकाज छोड़कर कतारों में लगना पड़ रहा है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी इस बात की कोई गारंटी नहीं होती कि सिलैंडर मिलेगा या खाली हाथ वापस लौटना पड़ेगा। उपभोक्ताओं ने रोष जताते हुए सवाल उठाया कि क्या कर्मचारी अब केवल गैस सिलैंडर लेने के लिए ही दफ्तरों से छुट्टियां लें?

सीएम शिकायत पोर्टल पर गुहार भी रही बेअसर
एजैंसी की लापरवाही का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर की गई शिकायतें भी धूल फांक रही हैं। स्थानीय उपभोक्ता प्रदीप कुमार शर्मा ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उन्होंने अपना आखिरी रसोई गैस सिलैंडर 15 मार्च को लिया था। इसके बाद उन्होंने नियमानुसार सिलैंडर की बुकिंग करवाई, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उन्हें सिलैंडर नहीं मिला। थक-हार कर उन्होंने 9 मई को मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन आज दिन तक उनकी इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है।

फोन तक नहीं उठाते एजैंसी के कर्मचारी
उपभोक्ताओं ने डमटाल गैस एजैंसी के कर्मचारियों पर मनमानी के गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि एजैंसी के कर्मचारी उपभोक्ताओं के फोन कॉल तक उठाना जरूरी नहीं समझते। सिलैंडर की बुकिंग करवाने के बावजूद समय पर डिलीवरी नहीं हो रही है और उपभोक्ताओं की शिकायतों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है।

व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा उग्र आंदोलन
लगातार पेश आ रही इन दिक्कतों से तंग आकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से पुरजोर मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को तुरंत सुचारू बनाया जाए। उपभोक्ताओं ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि रोजमर्रा की इस अहम जरूरत को लेकर उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे मजबूर होकर सड़कों पर उतरेंगे और उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

क्या कहते हैं गैस एजैंसी के इंचार्ज 
उधर, डमटाल गैस एजैंसी के इंचार्ज वनीत कुमार का कहना है कि गाड़ी को आज इंदौरा सप्लाई के लिए भेजा गया था। शायद भीड़ की वजह से सिलैंडर न मिले हों। होम डिलिवरी में उपभोक्ता को उसकी बुकिंग के हिसाब से घर मे डिलीवरी दी जाती है पर फोकल पॉइंट डिलिवरी में क्रम बार गाड़ी से ही सिलैंडर लेना पड़ता है। भीड़ में बुकिंग का क्रम जानना मुश्किल हो जाता है। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि  जब भी गाड़ी सप्लाई देने आती है तो गाड़ी पर चढ़ने की बजाय लाइनों में खड़े होकर सिलैंडर लें, ताकि आसानी से सिलैंडर मिल सके। उपभोक्ताओं से यह भी अपील है कि अपने कनैक्शन की के वाईसी करवा लें ताकि सिलैंडर लेने में कोई समस्या न हो।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!