Edited By Vijay, Updated: 28 Dec, 2025 07:56 PM
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक दल नहीं है। कांग्रेस भारत की आत्मा, आवाज और लोकतंत्र की मजबूत रीढ़ है। अगर आज हमें भारत में बोलने, लिखने व सिर उठाकर जीने की आजादी है तो उसके पीछे कांग्रेस के असंख्य नेताओं व...
नालागढ़ (सतविन्द्र): कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक दल नहीं है। कांग्रेस भारत की आत्मा, आवाज और लोकतंत्र की मजबूत रीढ़ है। अगर आज हमें भारत में बोलने, लिखने व सिर उठाकर जीने की आजादी है तो उसके पीछे कांग्रेस के असंख्य नेताओं व कार्यकर्त्ताओं का त्याग, तपस्या, बलिदान व संघर्ष है। यह बात उन्होंने रविवार को नालागढ़ की इंदिरा अनाज मंडी में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्त्ताओं से कही।
विनय कुमार ने कहा कि आज देश के लोकतंत्र पर चोट हो रही और संविधान की आत्मा को कमजोर करने की साजिश हो रही है। देश में महंगाई आसमान छू रही है। बेरोजगारी युवाओं का भविष्य निगल रही है। किसान, मजदूर, महिलाएं व युवा हर दिन संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सता में बैठे लोग सच का सामना नहीं करना चाहते हैं और जवाब देना चाहते हैं। उन्हाेंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार विकास करने की बजाय कांग्रेस की योजनाओं का नाम बदलने का कार्य कर रही है। इनका बस चले तो नोट पर से भी गांधी जी की फोटो हटाकर नरेंद्र मोदी और अमित शाह की फोटो लगवा दें।
विनय कुमार ने ने संगठन को मजबूत करने, यूथ से लेकर प्रदेश तक संगठन को मजबूत करने, युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने और जनता के साथ हर दुख- दर्द को दूर करने व सत्य, साहस व संविधान के साथ अडिग रहने का संकल्प दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह जल्द ही जिला अध्यक्ष व ब्लाॅक कार्यकारिणी का गठन करेंगे, जिसमें बूथ स्तर पर कार्य करने वाले हर कार्यकर्त्ता को जिम्मेदारी मिलेगी।
हिंदु, मुस्लिम व सिख को आपस में बांटने का कार्य कर रही केंद्र सरकार : हरदीप बावा
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि यह कांग्रेस की बहुत बड़ी सोच है, जो पहले स्थापना दिवस कांग्रेस कार्यालय शिमला में मनाया जाता था, लेकिन अब यह हर विधानसभा में मनाने के फैसले से कार्यकर्त्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। देश को आजाद करवाने व विकसित करने के लिए कांग्रेस की कुर्बानियों को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश में सुई से जहाज तक का निर्माण होना कांग्रेस की देन है। हिमाचल में पूर्ण राज्य का दर्जा भी कांग्रेस ने दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार हिंदु, मुस्लिम व सिख को आपस में बांटने का कार्य कर रही है। कांग्रेस सरकार की ओर से चलाई गई मनरेगा समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का नाम बदलकर लोगों को गुमराह करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि त्रासदी के कारण प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों को घर बनाने के लिए जमीन व मुआवजा देगी उसके बाद पंचायत के चुनाव कराएगी।
ये रहे माैके पर उपस्थित
इस मौके पर कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार, जोगिंद्रा बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा, मंडी बोर्ड के चेयरमैन रोशन लाल, मदन चौधरी, विनोद जिंटा, मनोज वर्मा, महेश गौतम, हुसन ठाकुर, प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष रवि शर्मा, प्रिंस शर्मा, ब्लाक यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष नीरज ठाकुर, देवी शरण खुल्लर, श्याम विनायक, राजेंद्र नेगी, रविंद्र गोला, मनमोहन सिंह, पूर्व प्रधान राम कुमार शर्मा, जगजीत सिंह, सुरेंद्र सेठी, अमरेंद्र भिंडर, विकास ठाकुर, सुरमुख सिंह, अवतार सिंह, चनन सिंह, सतनाम सिंह, कुलदीप सिंह, प्रिंयका जैन, विजय भल्ला, हरप्रीत सिंह, बाबू राम, नोनी चौधरी, शिव गोपाल, हरजिंद्र सिंह व अमरजीत सिंह ने भाग लिया।