Edited By Kuldeep, Updated: 17 Oct, 2026 11:10 PM

पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत फैक्टरी में चोरी के मामले में पुलिस ने 3 आरोपी गिरफ्तार कर लिए और चोरी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है।
बीबीएन (शेर सिंह): पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत फैक्टरी में चोरी के मामले में पुलिस ने 3 आरोपी गिरफ्तार कर लिए और चोरी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। गौर रहे कि पुलिस थाना नालागढ़ में शिकायतकर्त्ता ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी न्यू नालागढ़ स्थित फैक्टरी से कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कॉपर वायर एवं कॉपर स्क्रैप चोरी किया है। इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में मामला दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त 2 आरोपियों विरेंद्र कुमार निवासी गांव दरियापुर डाकघर राहों, जिला नवांशहर, पंजाब तथा नदीम निवासी गांव मधुपुरी, थाना सफेनी, जिला रामपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
उसके उपरांत मामले में आगामी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में संलिप्त एक अन्य तीसरे आरोपी गोपी निवासी गांव मुस्सेवाल, डाकघर राजपुरा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन हिमाचल प्रदेश को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपए की नकदी बरामद की है और चोरी की वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा चोरी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच जारी है।