Edited By Vijay, Updated: 08 Aug, 2026 07:01 PM

स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भाजपा ने राजधानी शिमला में एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप के नेतृत्व में निकली इस यात्रा के जरिए भाजपा ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का कड़ा संदेश दिया।
शिमला (ब्यूरो): स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भाजपा ने राजधानी शिमला में एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप के नेतृत्व में निकली इस यात्रा के जरिए भाजपा ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का कड़ा संदेश दिया। यह तिरंगा यात्रा शिमला के सीटीओ से शुरू होकर लोअर बाजार, नाज चौक और ऐतिहासिक माल रोड होते हुए द रिज मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंची। यात्रा का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने देशभक्ति के गीत गाकर पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के 80 वर्ष पूरे होना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं है, बल्कि यह देश की अस्मिता और करोड़ों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। जयराम ठाकुर ने घोषणा की कि स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रदेश के प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, ताकि युवाओं और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना और प्रगाढ़ हो। उन्होंने सभी नागरिकों से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत अपने घरों पर ध्वज फहराने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

सांसद सुरेश कश्यप ने इस यात्रा को मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सैनिकों और अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा इन यात्राओं के माध्यम से जन-जन तक देशभक्ति का संदेश पहुंचा रही है। इसके साथ ही, कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि पिछले दो सप्ताह से कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के कारण संसद का कामकाज लगातार बाधित हो रहा है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि संसद के सुचारू रूप से चलने पर ही देशहित के विधेयकों और जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान निकल सकता है। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वे संसद को शांतिपूर्ण ढंग से चलने दें।
इस तिरंगा यात्रा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, बलबीर वर्मा, संजीव देष्टा, संजय सूद, केशव चौहान, रवि मेहता, कुसुम सदरेट, सुदीप महाजन, प्यार सिंह कंवर, मोनू भारद्वाज, राजीव पंडित, पिंकू चौहान, गणेश दत्त, गुरमीत सिंह, हनीश चोपड़ा, योगराज और भरत भूषण सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें