Shimla: वोट चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर कर रही भाजपा : सुक्खू

Edited By Kuldeep, Updated: 31 Oct, 2026 07:53 PM

shimla bjp democracy weak

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवम्बर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की महा रैली में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री, कांग्रेस नेता और कार्यकर्त्ता शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए।

शिमला (भूपिन्द्र): दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवम्बर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की महा रैली में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री, कांग्रेस नेता और कार्यकर्त्ता शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर वोट चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।

शनिवार को शिमला में दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी सरकार चुनने का अधिकार है। इस अधिकार को कमजोर करने के किसी भी कथित प्रयास के खिलाफ कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी। उन्होंने संविधान को देश के लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए कहा कि इसकी सुरक्षा आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों के लिए भी जरूरी है।

भाजपा की पदयात्रा पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाने के लिए पदयात्रा किए जाने पर भी सवाल उठाए तथा कहा कि कांग्रेस की लड़ाई संविधान को बचाने के लिए है। उन्होंने तंज कसा कि देश में भाजपा की सरकार है, लेकिन वह लोकतंत्र बचाने के लिए पदयात्रा निकाल रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि देश में लोकतंत्र नहीं होता तो क्या केंद्र में मोदी सरकार तथा 18 राज्यों में भाजपा सरकारें बनती।

वाइल्डफ्लावर हॉल से अब मिलेंगे सालाना 37 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को बंद कर हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वाइल्डफ्लावर हॉल का मामला वर्ष 2003 से लंबित था और इस मामले में प्रदेश सरकार ने प्रभावी कानूनी पैरवी करते हुए जीत हासिल की। इसके परिणामस्वरूप राज्य सरकार को 401 करोड़ रुपए की धनराशि प्राप्त हुई है और अब ई-नीलामी के माध्यम से प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 37 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि इससे होने वाली आय जनहित के कार्यों पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में नशे की समस्या के रोकथाम के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। वर्तमान राज्य सरकार ने सत्ता में आने के बाद चिट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं ।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाएगी कांग्रेस : अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता और भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष में गंभीर चिंताएं हैं। इसी के चलते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस रामलीला मैदान में अपनी आवाज बुलंद करेगी।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!