Himachal: बिलासपुर पुलिस ने पंजाब से दबोचा उद्घोषित अपराधी, 17 साल पहले किया था ये अपराध

Edited By Vijay, Updated: 21 May, 2026 03:23 PM

bilaspur police caught proclaimed offender from punjab

जिला बिलासपुर पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है।

बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी अपहरण, लूट और धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में कई वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।

जानकारी के अनुसार आरोपी बलजिंद्र सिंह (49) निवासी मकान नंबर-2, गांव अंगद कालोनी, तहसील व थाना राजपुरा, जिला पटियाला (पंजाब) के खिलाफ थाना बरमाणा में 12 मई, 2009 को एक एफआईआर दर्ज हुई थी। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 392, 395, 364, 342, 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की छानबीन पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में चालान पेश कर दिया था, लेकिन आरोपी एक बार भी अदालत में पेश नहीं हुआ। कई बार सम्मन जारी होने के बावजूद जब आरोपी नहीं आया तो 6 सितम्बर 2014 को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश घुमारवीं (जिला बिलासपुर) की अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया। इसके बाद इस मामले की जिम्मेदारी पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा को सौंपी गई।

एसआईयू की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच टीम को गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन का सुराग मिला। टीम ने बिना कोई देरी किए वीरवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे पंजाब के राजपुरा क्षेत्र में अचानक दबिश दी और आरोपी बलजिंद्र सिंह को धर दबोचा। इस सफल ऑप्रेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी पंकज कुमार, एचएचसी रवि कुमार, एचएचसी राकेश कुमार तथा आरक्षी मनीष कुमार शामिल रहे।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने पंजाब के राजपुरा से इस उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। इसके बाद अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!