Una: बल्ह खालसा जंगल में खैर के 32 मौछे बरामद, सुबह लगाई आग

Edited By Kuldeep, Updated: 14 Jun, 2026 11:28 PM

baruhi forest khair recovered

कुटलैहड़ क्षेत्र की रामगढ़ धार स्थित पंचायत बल्ह खालसा के जंगल में अवैध खैर कटान और उसके बाद जंगल में आग लगाने का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

बड़ूही: कुटलैहड़ क्षेत्र की रामगढ़ धार स्थित पंचायत बल्ह खालसा के जंगल में अवैध खैर कटान और उसके बाद जंगल में आग लगाने का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वन विभाग की सतर्कता के चलते शनिवार रात को गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर खैर की लकड़ी के 32 मौछे बरामद किए।

रविवार को उसी जंगल में आग लगने की घटना सामने आई, जिसके बाद वन विभाग ने आशंका जताई है कि सबूत मिटाने के उद्देश्य से वन काटुओं ने जंगल में आग लगाई हो सकती है। जानकारी के अनुसार रेंज ऑफिसर संदीप कुमार को बीते दिन गुप्त सूचना मिली थी कि बल्ह खालसा जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से खैर के पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और जंगल से खैर के 32 मौछे बरामद किए।

हालांकि आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। वन विभाग द्वारा बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि आज सुबह उसी क्षेत्र के जंगल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही फोरैस्ट विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। विभागीय कर्मचारी घंटों तक आग बुझाने में जुटे रहे, ताकि आग आसपास के क्षेत्र में न फैल सके।

आशंका : सबूत मिटाने के लिए लगाई आग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल में पहले अवैध कटान और फिर आग लगने की घटना संदेह पैदा करती है। लोगों ने आशंका जताई कि अवैध कटान करने वाले लोगों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से आग लगाई हो सकती है। आग लगने से जंगल की वन संपदा को भी नुक्सान पहुंचा है।

वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना बंगाणा में शिकायत दर्ज करवा दी है। विभाग द्वारा आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

डीएफओ ऊना विकल्प यादव का कहना है कि वन विभाग अवैध कटान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। जंगलों को नुक्सान पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और दोषियों की पहचान कर जल्द उन्हें कानून के शिकंजे में लिया जाएगा। यदि कहीं जंगलों में अवैध कटान या आगजनी जैसी गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। जंगल प्राकृतिक धरोहर हैं और इन्हें बचाना सभी की जिम्मेदारी है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!