Edited By Vijay, Updated: 05 May, 2026 07:21 PM

जिला बिलासपुर के थाना झंडूता के अंतर्गत गांव बेहना जट्टां में सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिरों को बजरंग दल द्वारा रंगे हाथों पकड़ने का मामला सामने आया है।
बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर के थाना झंडूता के अंतर्गत गांव बेहना जट्टां में सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिरों को बजरंग दल द्वारा रंगे हाथों पकड़ने का मामला सामने आया है। आरोपी मूल रूप से कांगड़ा के देहरा का निवासी बताया जा रहा है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने भोरंज और जाहू के दो युवकों को होमगार्ड में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके लिए उसने प्रति युवक 7-7 लाख रुपए में सौदा तय किया था। आरोप है कि उसने दोनों से आधी रकम बतौर एडवांस ले ली थी, लेकिन नौकरी नहीं दिलाई। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने बजरंग दल से संपर्क किया और मदद मांगी।
पीड़ितों की शिकायत पर बजरंग दल बिलासपुर के जिला अध्यक्ष सूर्या चंदेल और विशाल चंदेल ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक योजना बनाई। उन्होंने आरोपी को बेहना जट्टां में एक कमरे में बुलाया, जहां पहले से ही सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए गए थे। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा तो उसने पैसे लेने की बात स्वीकार कर ली, जो कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बजरंग दल ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद कई और खुलासे हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति इससे पहले वन रक्षक और पुलिस भर्ती के नाम पर भी कई युवाओं को अपना शिकार बना चुका है।
बजरंग दल ने मामले की शिकायत एसपी बिलासपुर से की, जिसके बाद थाना झंडूता पुलिस को मौके पर भेजा गया। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और थाना झंडूता पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और उसी आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें