Edited By Kuldeep, Updated: 07 Sep, 2026 04:44 PM

नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस के विशेष अन्वेषण दल ने पट्टा फोरलेन पर नाकाबंदी कर बसों की चैकिंग के दौरान 2 अलग-अलग मामलों में 57.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
बिलासपुर (विशाल): नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस के विशेष अन्वेषण दल ने पट्टा फोरलेन पर नाकाबंदी कर बसों की चैकिंग के दौरान 2 अलग-अलग मामलों में 57.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में पंजाब निवासी 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पहले मामले में पुलिस के विशेष अन्वेषण दल ने पट्टा फोरलेन पर बस की चैकिंग की। इस दौरान एक व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 37.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान अमित गुप्ता (42) निवासी जीरकपुर-पंजाब के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मामले में भी पट्टा फोरलेन पर अन्य बस की चैकिंग के दौरान पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति के कब्जे से करीब 20 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी की पहचान पंकज (25) अमृतसर-पंजाब के रूप में हुई है। इन दाेनों मामलों में पुलिस थाना सदर में अलग-अलग केस दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने आया है कि दोनों आरोपी बिलासपुर क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई करने के इरादे से नशे की खेप लेकर आए थे। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे की खेप के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय नैटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। पुलिस द्वारा बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि नशे की सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोत और आगे इसे खपाने वाले लोगों तक पहुंचा जा सके।