Edited By Kuldeep, Updated: 23 Jun, 2026 04:51 PM

उपमंडल अम्ब के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय नंदपुर में चोरों ने सोमवार देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
अम्ब (अश्विनी): उपमंडल अम्ब के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय नंदपुर में चोरों ने सोमवार देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला जब स्कूल की चपड़ासी विद्यालय पहुंची और उसने एक कमरे का ताला टूटा पाया तथा अंदर सामान बिखरा हुआ देखा। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
इसके बाद ग्राम पंचायत प्रधान रंजना कुमारी, उपप्रधान मनोज कुमार, एसएमसी प्रधान प्रमोद कुमार तथा स्टाफ सदस्य मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस थाना अम्ब को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने स्कूल के एक कमरे का ताला तोड़कर तलाशी ली। इतना ही नहीं चोरों ने अंदर अलमारियों व ट्रंक के ताले भी तोड़ दिए हैं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि विद्यालय का कोई भी सामान चोरी नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि चोर पंखे और अन्य सामान निकालकर बाहर तक ले आए थे लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी की आहट मिलने पर वे घबराकर मौके से फरार हो गए। यदि वे अपने इरादों में सफल हो जाते तो विद्यालय को आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ सकता था।
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल का कहना है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रताप नगर में की थी चोरी
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही नगर पंचायत के वार्ड नम्बर-3 प्रताप नगर क्षेत्र में भी चोरों ने एक किराए के मकान में सेंध लगाकर हजारों रुपए की नकदी पर हाथ साफ किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।