‌Bilaspur News: पुलिस गिरफ्त से भागा आरोपी 2 महीने बाद हरियाणा से काबू, पूर्व विधायक पर किया था जानलेवा हमला

Edited By Vijay, Updated: 14 Jul, 2026 07:35 PM

accused who escaped from police custody arrested after 2 months

पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इस मामले में जेल में बंद और करीब दो महीने पहले पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।

बिलासपुर (बंशीधर): पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इस मामले में जेल में बंद और करीब दो महीने पहले पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर हरियाणा के झज्जर क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अजय कुमार (25) निवासी गोयला ताला, तहसील बादली, जिला झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है। यह आरोपी पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर 14 मार्च को हुए जानलेवा हमले के मामले में न्यायिक हिरासत (जेल) में था, लेकिन 14 मई को एक पेशी के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

जानकारी के मुताबिक 14 मई को बिलासपुर पुलिस आरोपी अजय कुमार को एक मामले की पेशी के लिए हरियाणा ले गई थी। अदालत से वापस लौटते समय पुलिस विभाग में तब हड़कंप मच गया, जब वह अचानक पुलिस अभिरक्षा से गायब हो गया। इस घोर लापरवाही के बाद आरोपी को साथ ले जा रहे दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई थी। जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पेशी के बाद आरोपी और दोनों पुलिसकर्मी, आरोपी के ही रिश्तेदार की गाड़ी में सवार होकर उसके घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने भोजन भी किया। इसके बाद वे उसी वाहन से टिकरी बॉर्डर पहुंचे, जहां बस का इंतजार करते समय अजय कुमार पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।

आरोपी के इस तरह फरार होने के बाद दिल्ली में भी मामला दर्ज किया गया था। तब से पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थीं। तकनीकी निगरानी (सर्विलांस) और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कई स्थानों पर दबिश दी गई और अंततः उसे झज्जर से गिरफ्तार कर लिया गया। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने इस अहम गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब आरोपी अजय कुमार को बिलासपुर लेकर आएगी। यहां उससे आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि उसके फरार होने के पीछे के असली कारणों और मददगारों का पता लगाया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!