Kangra: CIA Team की किराये के कमरे में दबिश, चरस के साथ पांगी और ज्वालामुखी के 3 युवक गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 22 Oct, 2026 06:11 PM

3 youths arrested with hashish

जिला कांगड़ा मुख्यालय धर्मशाला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की सीआईए टीम ने यहां एक किराये के कमरे में छापा मारकर 120.23 ग्राम चरस बरामद की है।

धर्मशाला (ब्यूरो): जिला कांगड़ा मुख्यालय धर्मशाला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की सीआईए टीम ने यहां एक किराये के कमरे में छापा मारकर 120.23 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मौके से तीन युवकों को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को सीआईए टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि धर्मशाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक किराये के कमरे में नशे का कुछ संदिग्ध सामान रखा गया है। सूचना को पुख्ता मानते हुए टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी। जब पुलिस ने कमरे की गहनता से तलाशी ली, तो वहां मौजूद तीन युवकों के कब्जे से 120.23 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत चरस को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। पकड़े गए युवकों में जितेंद्र (23) और शिव कुमार (19) निवासी गांव टाकवास, तहसील पांगी (जिला चम्बा) के रूप में हुई है। जबकि तीसरे आरोपी की पहचान अमित कुमार (29) निवासी गांव कैथन, तहसील ज्वालामुखी (जिला कांगड़ा) के रूप में की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को पुलिस थाना धर्मशाला लाया गया, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस की टीम इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से खरीद कर लाए थे और इसे धर्मशाला में किसे सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा, इस नशे के नैटवर्क में जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता का भी पता लगाया जा रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे की तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, साथ ही एसपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि होती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!