Edited By Kuldeep, Updated: 17 Oct, 2026 08:21 PM

शारदीय नवरात्रों के दौरान कांगड़ा जिले के प्रमुख शक्तिपीठों मां बज्रेश्वरी और मां ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
सातवें नवरात्रे पर बज्रेश्वरी में 5 हजार और ज्वालामुखी में 28 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
कांगड़ा/ज्वालामुखी (अविनाश/कौशिक): शारदीय नवरात्रों के दौरान कांगड़ा जिले के प्रमुख शक्तिपीठों मां बज्रेश्वरी और मां ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सातवें नवरात्रे पर बज्रेश्वरी मंदिर में करीब 5 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया, जबकि ज्वालामुखी मंदिर में लगभग 28 हजार श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन किए। मंदिर अधिकारियों के अनुसार, छठे नवरात्रे पर मां बज्रेश्वरी मंदिर में 5,34,856 रुपये और ज्वालामुखी मंदिर में 7 लाख 17 हजार रुपए का नकद चढ़ावा अर्पित किया गया। दोनों मंदिरों में कुल 12,51,856 रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ।
बज्रेश्वरी मंदिर के अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग के दिशा-निर्देशों के अनुसार श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाए जा रहे हैं। वहीं, ज्वालामुखी मंदिर के अधिकारी तहसीलदार अजय मांड्याल ने बताया कि श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के बाद लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर में नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा मंदिर परिसरों व आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।