Edited By Vijay, Updated: 11 Oct, 2026 04:29 PM

सिरमौर और शिमला जिले की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं ट्रैकिंग स्थल चूड़धार के घने जंगलों में रास्ता भटके 2 लोगों को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया है।
शिमला (संतोष): सिरमौर और शिमला जिले की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं ट्रैकिंग स्थल चूड़धार के घने जंगलों में रास्ता भटके 2 लोगों को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया है। चौपाल पुलिस की टीम ने अंधेरे और दुर्गम रास्तों के बीच कड़ी मशक्कत करते हुए देर रात एक विशेष रैस्क्यू ऑप्रेशन चलाया और दोनों व्यक्तियों को सकुशल ढूंढ निकाला।
जानकारी के अनुसार, 10 और 11 अक्तूबर की मध्यरात्रि को आपातकालीन हैल्पलाइन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस थाना चौपाल को यह सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि चूड़धार के दुर्गम वन क्षेत्र में 2 लोग रास्ता भटक कर फंस गए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और चौपाल पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत रैस्क्यू ऑप्रेशन के लिए रवाना कर दी गई।
पुलिस टीम ने रात के घने अंधेरे में जंगल के चप्पे-चप्पे पर तलाश अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने रात करीब 3 बजे कुल्लू जिले के निवासी 31 वर्षीय अजय कुमार को ढूंढ निकाला। इसके बाद तलाश जारी रखते हुए सुबह करीब 5 बजे सिरमौर जिले के निवासी 22 वर्षीय नक्श ठाकुर को भी सुरक्षित खोज लिया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य जांच में दोनों व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को सुरक्षित तरीके से मंडाहलाणी ले जाकर उनके साथियों के सुपुर्द कर दिया। अपने साथियों को सुरक्षित पाकर सभी ने चौपाल पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस सफल रैस्क्यू ऑप्रेशन के बाद शिमला पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए एक अपील जारी की है। पुलिस ने कहा है कि दुर्गम क्षेत्रों में ट्रैकिंग या यात्रा के दौरान हमेशा निर्धारित और सुरक्षित रास्तों का ही चयन करें। किसी भी अनजान रास्ते पर जाने से बचें ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा और आपातकालीन स्थितियों से बचा जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें