Edited By Vijay, Updated: 24 Jun, 2026 06:49 PM

मंडी जिले के उपमंडल करसोग में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ढाबा संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा गैस एजैंसी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न ढाबों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई...
करसोग (धर्मवीर): मंडी जिले के उपमंडल करसोग में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ढाबा संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा गैस एजैंसी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न ढाबों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस छापेमारी के दौरान ढाबों में व्यावसायिक (कमर्शियल) उपयोग में लाए जा रहे 10 घरेलू एलपीजी सिलैंडरों को मौके पर जब्त किया गया। विभाग की इस औचक कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के ढाबा संचालकों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
इस विशेष निरीक्षण अभियान को खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक जगत राम तथा गैस एजैंसी के प्रभारी सोमकृष्ण की अगुवाई में अंजाम दिया गया। संयुक्त टीम ने करसोग के कई ढाबों का गहन निरीक्षण किया और वहां सरेआम घरेलू गैस सिलैंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के मामले रंगे हाथों पकड़े। खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक जगत राम ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी दोषी ढाबा संचालकों को विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नियमानुसार उनके खिलाफ भारी जुर्माना लगाने सहित अन्य कड़ी कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
विभाग ने सख्त लहजे में स्पष्ट संदेश दिया है कि घरेलू गैस सिलैंडरों का व्यावसायिक स्थलों पर उपयोग करना पूरी तरह से प्रतिबंधित और गैर-कानूनी है। ऐसा करने से न सिर्फ राजस्व का नुक्सान होता है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी यह बेहद खतरनाक है। खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और छापेमारी का अभियान लगातार जारी रहेगा, इसलिए सभी व्यापारी केवल कमर्शियल सिलैंडरों का ही इस्तेमाल करें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें