Edited By Vijay, Updated: 11 Sep, 2026 04:39 PM

सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग में जूनियर ड्राफ्ट्समैन (सिविल) (जॉब ट्रेनी) के 7 पदों पर बैचवाइज आधार पर भर्ती की जा रही है।
मंडी (ब्यूरो): सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग में जूनियर ड्राफ्ट्समैन (सिविल) (जॉब ट्रेनी) के 7 पदों पर बैचवाइज आधार पर भर्ती की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए योग्य उम्मीदवारों के नाम जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के माध्यम से जल शक्ति विभाग को प्रायोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर विस्तृत जानकारी सांझा की है। उन्होंने बताया कि 7 पदों में से 3 पद सामान्य श्रेणी, 1-1 पद सामान्य श्रेणी (आईआरडीपी), सामान्य (ईडब्लूएस) श्रेणी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जाति (बीपीएल) श्रेणी के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इन श्रेणियों में प्रायोजित किए जाने वाले अभ्यर्थियों का बैच वर्तमान तिथि तक के रखे गए हैं।
उन्होंने बताया कि संबंधित बैच के सभी पात्र अभ्यर्थी अपने रोजगार पंजीकरण की स्थिति जरूर जांच लें। यदि किसी अभ्यर्थी ने अभी तक रोजगार कार्यालय में अपना नाम दर्ज नहीं करवाया है, या उनका पंजीकरण एक्सपायर (समाप्त) हो चुका है, तो वे 19 सितम्बर तक अपने नजदीकी जिला रोजगार कार्यालय या उप-रोजगार कार्यालय में जाकर नया पंजीकरण या रिन्यूअल (नवीनीकरण) करवा लें।
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर रोजगार कार्यालय में सक्रिय पंजीकरण होने पर ही अभ्यर्थियों के नाम विभाग को समय पर भेजे जा सकेंगे। यदि जांच के दौरान किसी अभ्यर्थी का पंजीकरण एक्सपायर पाया जाता है, तो उनका नाम जल शक्ति विभाग को प्रायोजित नहीं किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। भर्ती या रोजगार पंजीकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की शंका या अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्य दिवसों के दौरान जिला रोजगार कार्यालय मंडी में संपर्क कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें