Edited By Vijay, Updated: 07 Oct, 2026 12:46 PM

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इसी कड़ी में गुरुवार को ऊना में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ऊना (अमित): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इसी कड़ी में गुरुवार को ऊना में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभित गौतम की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी की गिरफ्तारी को सीधे तौर पर संविधान की भावना और लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या करार दिया।
विपक्ष की आवाज दबा रही है केंद्र सरकार : शोभित गौतम
प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभित गौतम ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान को कमजोर करने की साजिश रच रही है। गौतम ने कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे और देश में एक निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की मांग उठा रहे थे। लेकिन सरकार ने अपनी दमनकारी नीतियों के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी। विपक्ष की आवाज को दबाने के ऐसे अलोकतांत्रिक प्रयासों को युवा कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
...तो देशव्यापी स्तर पर उग्र रूप लेगा आंदोलन
युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि राहुल गांधी को तुरंत रिहा नहीं किया गया और सरकार ने अपना तानाशाही रवैया नहीं बदला, तो यह आंदोलन देशव्यापी स्तर पर उग्र रूप लेगा। शोभित गौतम ने ऐलान किया कि जरूरत पड़ने पर पूरे देश में चक्का जाम भी किया जाएगा। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के ऊना जिला अध्यक्ष प्रशांत राय भी मौजूद रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा की इस दमनकारी नीति का सड़क से लेकर संसद तक हर मंच पर डटकर विरोध किया जाएगा। पूरे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें