Edited By Vijay, Updated: 24 Jul, 2026 04:39 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को सुंदरनगर थाना पुलिस की टीम ने पुंघ फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान....
सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को सुंदरनगर थाना पुलिस की टीम ने पुंघ फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में सफर कर रही एक महिला को 9.850 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम पुंघ फोरलेन पर वाहनों की रूटीन चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली से मनाली जा रही एचआरटीसी की बस को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर बस में सवार एक महिला के कब्जे से 9.850 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपी महिला की पहचान 42 वर्षीय पिंकी पत्नी जय सिंह के रूप में हुई है। वह मंडी जिले के तहसील सदर के तहत आने वाले गांव व डाकघर शिवाबदार की रहने वाली है। इस कार्रवाई को लेकर एसपी विनोद कुमार ने बताया कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें