Edited By Kuldeep, Updated: 04 Oct, 2026 07:12 PM

हिमाचल से मानसून की विदाई के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। राज्य में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
शिमला (संतोष): हिमाचल से मानसून की विदाई के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। राज्य में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार 6 से 9 अक्तूबर के बीच राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है। वहीं 5 और 10 अक्तूबर को भी अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने 6, 7 और 8 अक्तूबर के लिए आंधी-तूफान और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। 6 अक्तूबर को बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में एक-दो स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है। 7 और 8 अक्तूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान पेड़ों की टहनियां टूटने, खड़ी फसलों को नुक्सान पहुंचने और कमजोर ढांचों व झोंपड़ियों के प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वह पेड़ों के नीचे शरण न लें और सुरक्षित जगह पर ही रहें।
अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 5 डिग्री सैल्सियस और न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सैल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड बढ़ेगी। हालिया आंकड़ों के अनुसार, कुकुमसेरी एवं ताबो में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सैल्सियस रहा।